कलाकार फिल्मों में विभिन्न तरह के किरदार निभाते हैं, जो उनकी शख्सियत से एकदम जुदा होते हैं। लेकिन कई बार उन कलाकारों को ऐसा चरित्र भी निभाने को मिल जाता है, जो उनके जैसा होता है। यह मौका सलमान खान को भी मिला है।
सलमान का कहना है कि ‘लंदन ड्रीम्स’ नामक फिल्म में वे जो किरदार निभा रहे हैं, वो बहुत-कुछ उनसे मिलता-जुलता है। दर्शकों को इस किरदार के जरिए सलमान को जानने का अवसर मिलेगा।
सलमान ने यूँ तो अपने लंबे करियर में कई तरह के किरदार परदे पर साकार किए हैं, लेकिन यह पहला अवसर है जब उन्हें कोई चरित्र अपने नजदीक लगा। इस फिल्म में सलमान के साथ अजय देवगन की भी प्रमुख भूमिका है।
सुभाष घई की फिल्म ‘युवराज’ में देवेन युवराज का किरदार सलमान से ही प्रेरित है, जिसे खुद सलमान ने अभिनीत किया था। लेकिन सुभाष घई ने यह किरदार जैसा सलमान को देखा था, वैसा पेश किया, जो सलमान से एकदम जुदा निकला। दर्शकों को समझ में ही नहीं आया कि सलमान फिल्म के हीरो हैं या विलेन।
इसी बीच सलमान ने ‘दबंग’ नामक फिल्म भी साइन की है, जिसका निर्माण सलमान के भाई अरबाज खान कर रहे हैं।