दीपिका पादुकोण अब आहिस्ता-आहिस्ता नंबर वन की कुर्सी की तरफ दौड़ लगा रही हैं। नंबर वन की कुर्सी पाने के लिए हर तरह के किरदार निभाने पड़ते हैं जिनमें एक्शन किरदार भी शामिल है।
दीपिका अपनी नई फिल्म 'चाँदनी चौक टू चाइना' में अक्षय कुमार के साथ स्टंट करतीं नजर आने वाली हैं। दीपिका का भी कहना है कि उन्हें एक्शन बहुत पसंद है। इसके पहले श्रीदेवी, रेखा, शिल्पा शेट्टी और प्रियंका आदि कुछ नायिकाओं ने एक्शन कर अपना एक अलग रूप दिखाया था।
दीपिका ने बताया, 'परदे पर स्टंट देखते हुए मुझे भी लगता था कि मैं भी इस तरह से एक्शन करना पसंद करूँगी और 'चाँदनी चौक' में मुझे यह मौका मिला। अक्षय कुमार बॉलीवुड के मशहूर एक्शन स्टार हैं और मैं भी उनकी तरह ही एक्शन स्टार बनना चाहती हूँ। इस फिल्म में मैंने कुछ हैरतअंगेज स्टंट किए हैं। फिल्म में स्टंट करने के लिए मैंने बाकायदा छह महीने तक स्टंट सीखा भी है। अब मुझे स्टंट करने में बहुत मजा आ रहा है। मुझे उम्मीद है कि 'चाँदनी चौक टू चाइना' के बाद मुझे एक्शन फिल्में अवश्य ऑफर होंगी ।'