नील दिखाएँगे गायकी का दम

नील मुकेश के पिता नितिन मुकेश गायक हैं और दादा मुकेश की भी गायन क्षेत्र में धाक थी, लेकिन नील ने अलग राह चुनी और अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। ‘जॉनी गद्दार’ भले ही फ्लॉप रही हो, लेकिन नील को कई फिल्में मिलीं। संगीत नील के खून में है और वे इससे दूर नहीं रह सकते। नील आगामी एक फिल्म में गाते हुए दिखेंगे। यह गाना 1981 में प्रदर्शित ‘रॉकी’ का ‘आ देखे जरा किसमें कितना है दम’ का रीमिक्स है। ‘रॉकी’ संजय दत्त की पहली फिल्म थी और इस गाने की धुन आर.डी.बर्मन ने बनाई थी। यह गाना बेहद लोकप्रिय है और अभी भी चाव से सुना जाता है। रीमिक्स वर्जन में नील अपनी गायकी के हुनर दिखाएँगे और यदि उनका गाना पसंद किया जाता है तो हो सकता है कि वे भविष्य में और फिल्मों में भी गाए।