मुग्धा ने बनाया गॉडफादर

नए कलाकार अक्सर पहली फिल्म सफल होने के बाद खराब फिल्म साइन कर लेते हैं और अपने करियर का कबाड़ा कर लेते हैं। उन्हें मार्गदर्शन देने वाला कोई नहीं होता और सब कुछ खत्म होने के बाद वे सोचते हैं कि काश उनका कोई इंडस्ट्री में गॉडफादर होता जो सही और गलत के बारे में उन्हें समझाता। दूसरों की गलतियों से नई नवेली अभिनेत्री मुग्धा गोडसे ने सबक सीखा और अपना गॉडफादर ढूँढ लिया। ‘फ़ैशन’ फिल्म के जरिए मुग्धा ने मॉडलिंग के क्षेत्र से अभिनय के क्षेत्र में कदम रखा। फिल्म के साथ-साथ मुग्धा के अभिनय की भी प्रशंसा हुई। जैसा कि आमतौर पर बॉलीवुड में होता है कि किसी फिल्म के सफल होते ही सारे निर्माताओं में उसे साइन करने के लिए होड़ मच जाती है। मुग्धा भी इस समय हॉट केक बनी हुई हैं। उन्हें निर्माता अपनी फिल्मों की कहानी सुना रहे हैं। मुग्धा यह निर्णय नहीं ले पा रही हैं कि वे कौन सी फिल्म करें और कौन सी नहीं। ऐसे में उन्हें ‘फ़ैशन’ के निर्देशक मधुर भंडारकर की याद आई। खबर है कि मधुर इस समय मुग्धा के गॉडफादर बन गए हैं और उनके मार्गदर्शन में मुग्धा आगे की ओर बढ़ रही हैं।