‘पंख’ से बिपाशा को आशाएँ

बिपाशा बसु ग्लैमरस भूमिकाओं को निभाने के साथ-साथ ऐसी भूमिकाएँ भी निभा रही हैं जो उन्हें एक अभिनेत्री के रूप में संतुष्टि दे। ‘पंख’ उन्हीं फिल्मों में से एक है। बोल्ड थीम को लेकर यह फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस फिल्म का निर्माण व्हाइट फीदर फिल्म्स द्वारा किया जा रहा है, जबकि निर्देशन का भार सुदीप्तो चट्टोपाध्याय ने उठाया है। सुदीप्तो इस फिल्म को लेकर थोड़े नर्वस थे कि पता नहीं लोग उनकी फिल्म देखकर क्या प्रतिक्रिया देंगे। सुदीप्तो ने इसलिए पिछले दिनों एक स्पेशल स्क्रीनिंग करवाया, जिसमें फिल्मों से जुड़े कुछ लोग शामिल थे। उन्हें ’पंख’ फिल्म के रशेज दिखाए गए। प्रीव्यू थिएटर के बाहर जब सुदीप्तो द्वारा आमंत्रित किए लोग बाहर निकले तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी। यह देख सुदीप्तो ने राहत की साँस ली। सुदीप्तो कहते हैं ‘मुझे इस बात की खुशी है कि लोगों को फिल्म की थीम बेहद पसंद आई। हमने उन्हें कई दृश्य दिखाए जिसकी उन्होंने प्रशंसा की। यह हमारे लिए खुशी की बात है।‘