सलमान का फैसला

सलमान खान ने फैसला कर लिया है कि अब वे फिल्मों में छोटी भूमिका नहीं निभाएँगे। आए दिन सलमान अपने निर्माता दोस्त और संबंधों की खातिर मेहमान कलाकार के रूप में फिल्मों में नजर आते हैं। लेकिन सलमान को महसूस हुआ है कि लोग उनके नाम का दुरुपयोग करते हैं। फिल्म का प्रचार ऐसा किया जाता है मानो सलमान ही फिल्म के हीरो हो। इससे सलमान के प्रशंसकों को भी फिल्म देख निराशा होती है। सनी देओल का अनुभव भी कुछ इसी तरह का था, इसलिए उन्होंने भी मेहमान कलाकार के रूप में फिल्म नहीं करने का फैसला बहुत पहले ले लिया था। हाल ही में सलमान खान को संजय लीला भंसाली ने अपनी आगामी फिल्म में एक छोटी भूमिका निभाने के लिए कहा। सलमान ने भंसाली को इंकार करने में देर नहीं लगाई। बॉलीवुड में सलमान के इस फैसले पर आश्चर्य व्यक्त किया गया क्योंकि भंसाली के साथ सलमान ‘खामोशी - द म्यूजिकल’ और ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी फिल्में कर चुके हैं। साथ ही भंसाली की पिछली फिल्म में ‘साँवरिया’ में भी सलमान ने छोटा रोल निभाया था। ‘साँवरिया’ में सलमान का काम देख उनके प्रशंसक नाराज भी हुए थे। भंसाली जैसे निर्देशक को इंकार कर सलमान ने एक बात स्पष्ट कर दी है कि वे अपने निर्णय पर अडिग हैं।