स्कवैश खिलाड़ी ऋत्विक भट्टाचार्य से नेहा धूपिया का लंबे समय से रोमांस चल रहा है, लेकिन यह बात नेहा ने पिछले दिनों ही स्वीकारी। नेहा नहीं चाहती थीं कि उनके रोमांस का करियर पर असर हो, इसलिए वे इसे छिपाती रही।
नेहा ने भले ही अपने प्यार को स्वीकार लिया हो, लेकिन शादी के मूड में वे फिलहाल नहीं हैं। सेक्सी फिल्मों में काम करने के बावजूद जब नेहा का करियर आगे नहीं बढ़ सका तो उन्होंने घर बसाने की सोच ली थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में नेहा के करियर में अचानक बदलाव आया है।
नायिका बनने की जिद छोड़ महत्वपूर्ण भूमिकाओं पर नेहा धूपिया ने ध्यान दिया और परिणाम बेहतर रहा। ‘मिथ्या’, ‘दस कहानियाँ’, ‘सिंह इज़ किंग’ तथा हाल ही में प्रदर्शित ‘दसविदानिया’ जैसी फिल्मों के बाद नेहा की नई पहचान बनी है। पिछले दिनों उन्हें कई ऑफर्स मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक इसलिए उन्होंने फिलहाल शादी करने के विचार को कुछ वर्षों के लिए टाल दिया है।