रणदीप हुडा इस समय जिस फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित है, वो है ‘रंग रसिया’। इसे अँग्रेजी में ‘कलर्स ऑफ पैशन’ नाम से बनाया गया है। हाल ही में इस फिल्म को 52 वें लंदन फिल्म समारोह में दिखाया गया।
लंदन में फिल्म को मिली सराहना ने रणदीप को उत्साह से भर दिया। वे कहते हैं ‘दर्शक फिल्म देखकर चकित थे और उन्हें फिल्म की थीम बेहद पसंद आई। इस फिल्म के साथ ‘स्लमडॉग मिलेनियर’ का भी प्रदर्शन हुआ था और दोनों फिल्मों को काफी चर्चा मिली।‘
‘रंग रसिया’ को केतन मेहता ने निर्देशित किया है, जबकि इसके निर्माता हैं आनंद महेंद्रू और दीपा साही। यह फिल्म प्रसिद्ध भारतीय चित्रकार राजा रवि वर्मा की प्रेम कहानी है।
रणदीप के प्रचारक डेल भगवागर का कहना है कि यह फिल्म न केवल भारतीय इतिहास का अहम मोड़ दिखाती है, बल्कि कलाकार की अभिव्यक्ति और स्वतंत्रा का सवाल भी उठाती है।