संजय दत्त और अक्षय कुमार ‘ब्लू’ की शूटिंग भारत से बाहर कर रहे थे और यहाँ खबरें आ रही थीं कि ‘ब्लू’ की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे को देख ‘रेड’ हो रहे थे।
खबरों में बताया गया था कि संजय दत्त सेट पर देर से आते हैं। अक्षय कुमार को वे घंटों इंतजार करवाते हैं। शूटिंग के बजाय उनका सारा ध्यान दोस्तों के साथ पार्टी मनाने में रहता है।
अक्षय भी कोई छोटे-मोटे स्टार तो है नहीं, उन्हें भी गुस्सा आ गया और सेट पर दोनों के बीच तनातनी चल रही है। इससे शूटिंग में व्यवधान पहुँच रहा है। परदेस से आने वाली इन खबरों को सच मान लिया गया।
जब ये खबरें अक्की और संजू बाबा के पास पहुँचीं तो वे खूब हँसे। उन्हें समझ में नहीं आया कि कौन इस तरह की अफवाह उड़ा रहा है, परंतु दोनों ने इसका भरपूर मजा लिया। संजू तो दिलदार आदमी हैं। अक्षय को वे अपना छोटा भाई मानते हैं और भाई से लड़ाई की बात तो वे सोच भी नहीं सकते।
संजय और अक्षय ने ‘अमानत’ फिल्म में साथ काम किया था। अब 14 वर्ष बाद उन्हें साथ काम करने का मौका मिला है। इन 14 वर्षों में दुनिया बदल गई है। उस समय संजू बड़े स्टार थे। आज अक्की आगे निकल गए हैं, लेकिन इससे दोनों के संबंधों में कोई फर्क नहीं पड़ा।
‘ब्लू’ की यूनिट के एक सदस्य के मुताबिक संजू और अक्की दोनों पूरा दिन साथ रहते हैं। उन्हें लड़ते हुए कभी नहीं देखा गया।