‘द्रोणा’ फिल्म किसी को पसंद आई हो या न आई हो, लेकिन शाहरुख के बेटे आर्यन को ‘द्रोणा’ खूब भाया। बस इतनी-सी बात ने उदास गोल्डी बहल के चेहरे पर मुस्कान ला दी, जिन्होंने कि इस फिल्म का निर्देशन किया है।
‘द्रोणा’ प्रदर्शित होने के पूर्व अभिषेक बच्चन और गोल्डी अतिआत्मविश्वास से भरे हुए थे। उन्हें पूरी उम्मीद थी कि उनकी फिल्म छप्पर फाड़ सफलता हासिल करेगी। यही नहीं, गोल्डी ने तो सीक्वल भी प्लान कर लिया था। अभिषेक के साथ ऐश्वर्या राय की जोड़ी जमाने के फिराक में वे थे।
अब परिणाम आ चुका है। ‘द्रोणा’ को फ्लॉप फिल्मों की सूची में डाल दिया गया है, लेकिन गोल्डी का सीक्वल बनाने का ख्वाब अभी भी जिंदा है। सूत्रों के मुताबिक गोल्डी सीक्वल की तैयारी में बहुत आगे बढ़ चुके हैं और उन्हें अपने विषय पर विश्वास है। वे ‘द्रोणा’ का सीक्वल जरूर बनाएँगे।
‘द्रोणा’ का सीक्वल चाहे कोई देखे या न देखे, शाहरुख का बेटा तो जरूर देखेगा, इसीलिए गोल्डी एक बार फिर करोड़ों रुपए खर्च करने वाले हैं।