गुल पनाग इन दिनों सेंसर बोर्ड से नाराज हैं क्योंकि उनकी आगामी फिल्म ‘हैलो’ के एक संवाद में से ‘कंडोम’ शब्द हटा दिया गया है।
‘हैलो’ में गुल की जोड़ी शरमन जोशी के साथ है। फिल्म में एक दृश्य है, जिसमें सेक्स करने के पहले शरमन से गुल पूछती हैं कि क्या उनके पास ‘कंडोम’ है। सेंसर को यह शब्द अखर गया और उन्होंने इस शब्द को संवाद से हटाने का फरमान जारी कर दिया।
गुल को जब यह पता चला तो वे बेहद नाराज हुईं। वे सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष को इसके विरोध में पत्र लिखने की भी तैयारी कर रही हैं। गुल का कहना है कि उक्त दृश्य में कुछ भी गलत नहीं है। एक पढ़ी-लिखी महिला होने के नाते गुल ने सेक्स करने के पूर्व अपने प्रेमी से पूछा कि क्या उसके पास कंडोम है?
गुल को सेंसर के कदम पर उस समय और हँसी आई जब उन्हें पता चला कि सेंसर ने उस ‘लवमेकिंग’ दृश्य को पास कर दिया और संवाद से ‘कंडोम’ शब्द हटा दिया। उनके मुताबिक यह सेंसर की दोहरी मानसिकता का सबूत है।