’साँवरिया’ फिल्म पिटने का सदमा संजय लीला भंसाली को ऐसा लगा कि उन्होंने ज्यादातर समय भारत से बाहर ही गुजारा। भंसाली को अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि उनकी फिल्म पिट चुकी है और न ही इसकी कोई वजह उन्हें दिखाई दे रही है।
बॉलीवुड में चढ़ते सूरज को सलाम किया जाता है। ‘देवदास’ और ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी फिल्मों के बाद भंसाली के साथ काम करने के लिए सारे सितारें लाइन लगाए खड़े थे।
‘साँवरिया’ क्या फ्लॉप हुई, सबने भंसाली से दूरी बना ली। वे ये बात भी भूल गए कि इसी निर्देशक ने ‘ब्लैक’ जैसी फिल्म भी बनाई थी। भंसाली ने कई सितारों से बात की, लेकिन सभी के पास कुछ न कुछ बहाना तैयार था।
भंसाली की हालत उस घायल शेर की तरह हो गई है जो अपना खोया सम्मान फिर पाना चाहता है। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म के लिए रितिक रोशन को साइन किया है। रितिक एक समय में एक फिल्म करते हैं और ‘काइट्स’ की शूटिंग खत्म होने के बाद वे भंसाली की फिल्म में नजर आएँगे।
भंसाली की फिल्म का क्या विषय है और इसमें रितिक की भूमिका क्या है, इस बारे में जानने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा।