सलमान और शाहरुख के झगड़े के बाद कैटरीना कैफ भले ही कह रही हों कि उन्हें शाहरुख के साथ काम करने पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन अंदर की कहानी दूसरी है। शाहरुख के प्रति नफरत सलमान सार्वजनिक रूप से जाहिर कर चुके हैं। अपने करीबी लोगों को वे स्पष्ट कर चुके हैं कि या तो वे उनसे संबंध रखें या शाहरुख से।
सूत्रों के अनुसार कैटरीना को एक बहुत बड़े बैनर की फिल्म सलमान-शाहरुख के झगड़े के एक दिन पहले ऑफर हुई थी। कैटरीना को यह जानकर खुशी का ठिकाना नहीं रहा कि इस फिल्म में उनके नायक शाहरुख होंगे। झगड़ा होने के बाद कैटरीना कहती रहीं कि वे अपने निर्णय खुद लेती हैं और उन्हें किसी के साथ भी फिल्म करने में कोई एतराज नहीं है।
जब सलमान को पता चला कि शाहरुख के साथ कैटरीना फिल्म करने जा रही हैं तो उन्होंने कैटरीना को रोक दिया। कैटरीना को न चाहते हुए भी सलमान की बात मानना पड़ी, क्योंकि सलमान को वे बेहद चाहती हैं।
कैटरीना को शाहरुख के साथ सलमान ने स्टेज शो करने की इजाजत इसलिए दे दी है, क्योंकि इसमें कई कलाकार हैं। कैटरीना की अरसे से यह इच्छा है कि वे शाहरुख की नायिका बनें। यह इच्छा अब शायद ही पूरी हो क्योंकि सलमान अपने दुश्मनों को माफ नहीं करते। जॉन अब्राहम, शाहिद कपूर और विवेक ओबेरॉय इसकी मिसाल हैं।