विक्रम भट्ट इन दिनों एक नई हीरोइन की तलाश में हैं। इस नए चेहरे को वे अपनी आगामी फिल्म ‘शापित’ में ब्रेक देंगे। ‘1920’ के बाद विक्रम एक और हॉरर फिल्म बनाने जा रहे हैं, जिसमें उदित नारायण के बेटे आदित्य नारायण अभिनेता के रूप में अपने करियर की शुरुआत करेंगे।
विक्रम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक विक्रम इस समय लंदन में हैं और वहाँ पर अपनी नायिका की खोज कर रहे हैं। अभी तक कई चेहरे उन्होंने देख लिए हैं, लेकिन कोई भी उनकी अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा।
लंदन में विक्रम एक सप्ताह तक और रूकेंगे। इसके बाद वे नायिका की तलाश भारत में करेंगे। यदि भारत में भी विक्रम को कोई चेहरा पसंद नहीं आता है तो वे स्थापित नायिकाओं में से किसी एक को लेंगे।
विक्रम से जुड़े लोगों का कहना है कि विक्रम नया चेहरा तलाश ही लेंगे क्योंकि प्रतिभा को परखने की उनमें क्षमता है।