अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम ने ‘धूम’ में साथ काम किया था। ‘धूम’ ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी। ‘धूम’ के सफल होने के बावजूद किसी निर्माता ने दोनों को लेकर फिल्म नहीं बनाई। लगभग चार वर्ष बाद दोनों एक बार फिर साथ दिखाई देने वाले हैं। फिल्म का नाम है ‘दोस्ताना।‘ नाम से ही जाहिर है कि इसमें दोनों दोस्त बने हैं, न कि ‘धूम’ की तरह एक-दूसरे के पीछे पड़े रहते हैं।
फिल्म का प्रचार शुरू हो गया है और इसके प्रोमो को सराहना मिल रही है। फिल्म का निर्माण करण जौहर ने किया है और पहली बार ‘के’ के अलावा दूसरे अक्षर से शुरू होने वाली फिल्म उन्होंने बनाई है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के मुताबिक जॉन और अभिषेक की जोड़ी फिल्म में बेहद अच्छी लग रही है। दोनों ने मिलकर खूब कॉमेडी की है। दोनों के बीच नायिका की भूमिका प्रियंका चोपड़ा ने निभाई है। फिल्म 14 नवंबर को प्रदर्शित होगी।