बॉलीवुड में इस समय गिले-शिकवे भूलाने का दौर चल रहा है। रामगोपाल वर्मा ने हाल ही में मधुर भंडारकर, मल्लिका शेरावत और हिमेश रेशमिया से अपने बिगड़े संबंधों को सुधार लिया।
अब बारी शाहरुख खान की है। शाहरुख और अमिताभ बच्चन में कोल्डवार अरसे से चल रहा है और पिछले कई दिनों से उनके बीच की दूरी को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता था।
हाल ही में हुए ‘द्रोणा’ के प्रीमियर पर शाहरुख ने पहुँचकर सभी को हैरान कर दिया। शाहरुख अपने पूरे परिवार के साथ ‘द्रोणा’ देखने आए थे। उन्होंने अमिताभ, ऐश्वर्या और अभिषेक से काफी देर बात की और ठहाके लगाए। शाहरुख का यह रूप देख सभी चकित थे। सलमान खान इन दिनों अभिषेक से नजदीकियाँ बढ़ा रहे हैं, शायद इसका असर किंग खान पर भी हो गया है।
एक और चौंकाने वाली बात इस प्रीमियर शो में हुई। जया बच्चन इस शो को अधूरा छोड़कर चली गईं। जया को फिल्म अच्छी नहीं लगी या शाहरुख का आना, इसका पता लगाया जा रहा है।