हिमेश रेशमिया की ‘कर्ज’ 17 अक्टूबर को प्रदर्शित होने वाली है। सुभाष घई की ‘कर्ज’ का रीमेक होने के नाते इसकी तुलना पुरानी फिल्म से जरूर होगी। खासतौर पर ऋषि कपूर और हिमेश रेशमिया में कौन बेहतर है, इसकी चर्चा लोग करेंगे। कहने वाले तो अभी से कह रहे हैं कि ऋषि का मुकाबला हिमेश क्या करेंगे।
नई ‘कर्ज’ के निर्देशक सतीश कौशिक तो पहले से ही बचाव की मुद्रा में आ गए हैं। हिमेश का पक्ष लेते हुए वे कहते हैं ‘ऋषि कपूर के अभिनय की बराबरी नहीं की जा सकती, लेकिन मैं यह भी कहना चाहूँगा कि हिमेश ने ‘कर्ज’ में बेहतरीन अभिनय किया है। लोग उनका परफॉर्मेंस देख दंग रह जाएँगे। उन्होंने कड़ी मेहनत की है और उन्हें सफलता जरूर मिलेगी।‘
फिल्म में उर्मिला मातोंडकर ने सिमी ग्रेवाल वाला चरित्र निभाया है, जिसमें उनका नाम कामिनी है। उर्मिला की प्रशंसा करते हुए सतीश कहते हैं ‘उर्मिला ने नकारात्मक किरदार इतनी कुशलता से निभाया है कि मैं अकसर उन्हें चिढ़ाते हुए कहता था कि तुम्हारा नाम ‘कामिनी’ से बदलकर ‘कमीनी’ कर देना चाहिए।‘