रणबीर कपूर की दूसरी फिल्म ‘बचना ऐ हसीनों’ 15 अगस्त को प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म का नाम ऋषि कपूर की हिट फिल्म ‘हम किसी से कम नहीं’ के सुपर हिट गाने ‘बचना ऐ हसीनों, लो मैं आ गया’ से लिया गया है।
फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद एक प्रमोशनल वीडियो फिल्मा रहे हैं जिसमें रणबीर और ऋषि एक साथ नृत्य करते हुए दिखाई देंगे। इस हिट गाने पर बाप-बेटे को एक साथ नाचते देखना दिलचस्प होगा। किसका नृत्य बेहतर है, इसका पता तो देखने के बाद ही चलेगा।
इस गाने का कुछ हिस्सा किशोर कुमार की आवाज में वैसा का वैसा ही रखा जाएगा तथा कुछ हिस्सा किशोर कुमार के छोटे बेटे सुमीत कुमार की आवाज में होगा। इस फिल्म में रणबीर के साथ बिपाशा बसु, दीपिका पादुकोण और मिनिषा लांबा नजर आएँगी।
लगातार नाकामियों के दौर से गुजर रहे यशराज फिल्म्स को इस फिल्म से बेहद आशाएँ हैं।
|