अक्षय कुमार की बहुचर्चित फिल्म ‘सिंह इज़ किंग’ का संगीत पिछले दिनों जारी किया। इस कार्यक्रम से अक्षय कुमार गायब रहे। फिल्म का हीरो दूल्हे के समान होता है और यदि वही अपनी फिल्म के कार्यक्रम में नहीं आ पाए तो चर्चाएँ चल पड़ती हैं।
कहा गया कि खिलाड़ी कुमार इस समय शूटिंग में व्यस्त हैं, इसलिए चाहकर भी वक्त नहीं निकाल पाए। सूत्रों के मुताबिक अक्षय कुमार नहीं चाहते थे कि सलमान इस फिल्म का संगीत जारी करें, इसलिए उन्होंने कार्यक्रम से दूर रहना ही उचित समझा।
सलमान की प्रेमिका कैटरीना कैफ ने इस फिल्म में नायिका की भूमिका निभाई है, इसलिए सलमान इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उनकी उपस्थिति ने अक्षय को दूर कर दिया।
पिछले दिनों आइफा अवॉर्ड के दौरान चर्चा चली थी कि कैटरीना ने अक्षय को फोन लगाया था और अक्षय ने फोन नहीं उठाया था, क्योंकि पास में उनकी पत्नी ट्विंकल बैठी हुई थीं। हो सकता है कि इन चर्चाओं की वजह से भी अक्षय ने सलमान का सामना करना उचित नहीं समझा।
सलमान की उपस्थिति की वजह से बिग-बी भी कार्यक्रम से जल्दी चले गए। इस कार्यक्रम में संगीत जारी करने के लिए अमिताभ को ही बुलाया गया था, लेकिन बाद में सलमान को इसके लिए चुन लिया गया। शायद इस वजह से बिग बी घर जल्दी रवाना हो गए।
|