फिल्मी सितारे इन दिनों फिल्मों के साथ-साथ म्यूजिक वीडियो में भी नजर आने लगे हैं। जॉन अब्राहम पाकिस्तानी बैण्ड ‘स्ट्रिंग’ द्वारा बनाए गए गीत ‘कोई आने वाला है’ में नजर आएँगे।
‘स्ट्रिंग’ पाकिस्तान का मशहूर बैण्ड है और इसे अपार लोकप्रियता प्राप्त है। इस बैण्ड का एलबम लगभग चार वर्ष बाद आ रहा है। इस म्यूजिक वीडियो पर काफी पैसा खर्च किया गया है। इसकी शूटिंग मलेशिया में हुई है। जबरदस्त स्पेशल इफेक्ट्स इस वीडियो में नजर आएँगे।
जॉन इसमें एक फरिश्ते के रूप में नजर आएँगे। फरिश्ते को एक सुंदर लड़की से प्यार हो जाता है। वह उसके साथ रहना चाहता है और इसके लिए उसे फरिश्ते से एक आम इनसान बनना पड़ता है।
लगातार फ्लॉप फिल्म देने के बावजूद जॉन को अच्छी फिल्मों में भी काम मिलना जारी है। यशराज फिल्म्स की अनाम फिल्म वे करने जा रहे हैं, जिसका निर्देशन कबीर खान करेंगे। करण जौहर की फिल्म ‘दोस्ताना’ में वे अभिषेक बच्चन और प्रियंका चोपड़ा के साथ नजर आएँगे। इसके अलावा ‘आशाएँ’ से भी उन्हें बेहद आशाएँ हैं।
|