हर अभिनेता की खासियत होती है कि वो कुछ भूमिकाएँ बेहद उम्दा तरीके से परदे पर अभिनीत करते हैं।
भाई (अंडरवर्ल्ड वाला) की भूमिका निभानी हो तो अपने संजू बाबा का कोई जवाब नहीं है। ऐसा लगता है भाई की भूमिका निभाते समय संजय को अभिनय नहीं करना पड़ता, सब कुछ अपने आप हो जाता है। कई बार उन्होंने परदे पर खूंखार अपराधी बनकर दर्शकों के बीच लोकप्रियता पाई है।
अपराधी चार्ल्स शोभराज पर फिल्म बनाने का विचार जब उसके निर्माताओं को सूझा, तो शोभराज की भूमिका निभाने के लिए उनके दिमाग में संजय दत्त का नाम सबसे पहले आया।
मुन्नाभाई के किरदार में अपार लोकप्रियता बटोर चुके संजू बाबा सहर्ष इस भूमिका को निभाने के लिए तैयार हो गए।
संजय का कहना है कि यह भूमिका निभाना चुनौतीपूर्ण होगा। वे शोभराज की भूमिका को लेकर बेहद उत्साहित हैं। इस फिल्म का निर्देशन प्रवल रमन करेंगे।
एक समय ऐसा था जब चार्ल्स शोभराज ने अपने अपराधों के जरिए कई देशों की पुलिस की नाक में दम कर रखा था। वह बहुत शातिर था और योजनाबद्ध तरीके से अपने अपराध को अंजाम देता था।
|