बॉलीवुड में एक और नेहा अपने करियर का आगाज़ करने जा रही है। नेहा ओबेरॉय को दर्शक 23 मई को प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘वुडस्टॉक विला’ में देख सकेंगे।
वैसे नेहा पिछले वर्ष प्रदर्शित ‘दस कहानियाँ’ नामक फिल्म में आ चुकी हैं। दस लघु फिल्मों के गुलदस्ते में वे ‘लवडेल’ नामक लघु फिल्म में आफताब शिवदासानी के साथ दिखाई दी थीं।
एक तेलुगू फिल्म कर चुकी नेहा सही मायनों में हिंदी फिल्मों में अब अपना करियर आरंभ करेंगी। ‘वुडस्टॉक विला’ से जुड़े लोगों के मुताबिक नेहा खूबसूरत होने के साथ-साथ प्रतिभाशाली भी हैं।
‘वुडस्टॉक विला’ से किरण खेर के बेटे सिकंदर खेर भी हिंदी फिल्मों में अपना सफर शुरू कर रहे हैं। एक्शन, रहस्य और रोमांच से भरी इस फिल्म में नेहा की भूमिका भी सशक्त है।
नेहा निर्माता संजय गुप्ता की रिश्तेदार हैं, जिन्होंने ‘वुडस्टॉक विला’ का निर्माण किया है। नेहा का मानना है कि संजय की रिश्तेदार होने की वजह से उन्हें ब्रेक तो आसानी से मिल गया है, लेकिन आगे का सफर उन्हें अपने बलबूते पर तय करना होगा।
|