सलमान खान मूडी किस्म के इंसान हैं। वे कब क्या कर बैठे यह अंदाजा लगाना बहुत मुश्किल है। मूड अच्छा हो तो सबको खुश कर दें और उखड़ा हुआ हो तो कोई भी सल्लू मियाँ को छेड़ने की हिम्मत नहीं करता।
कुछ दिनों पहले उन्होंने एक फिल्म की शूटिंग इसलिए नहीं कि क्योंकि उनका मूड उस दिन काम करने का नहीं था। वे सल्लूगिरी पर उतर आए थे। बेचारे निर्देशक के पास उनकी बात मानने के अलावा कोई चारा नहीं था।
इसी तरह की एक और घटना पिछले दिनों घटी, जब सलमान रात भर पार्टी में मस्त रहने के बाद सुबह सीधे शूटिंग करने स्टुडियो पहुँचे और अपनी वैन में जाकर सो गए। किसी की हिम्मत नहीं हुई उन्हें जगाकर उनके गुस्से का शिकार होने की। दोपहर बाद जनाब का मूड शूटिंग करने के लिए हुआ।
हमेशा सलमान का मूड खराब रहे, ऐसी बात भी नहीं है। उनके अच्छे मूड के भी कई किस्से हैं। हाल ही में वे सुभाष घई की फिल्म ‘युवराज’ की शूटिंग में हिस्सा ले रहे थे। उस दिन उनका मूड अच्छा था क्योंकि उन पर एक गाना फिल्माया जा रहा था, जिसमें उनको नृत्य करना था।
क्रिकेट खिलाडि़यों की तरह अब बॉलीवुड के नायकों की भी माँसपेशियाँ खींचने लगी हैं। आमिर खान के बाद अब सलमान की बारी थी। सलमान दर्द से कराह उठे। कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश और घई साहब ने समझाया कि शूटिंग बाद में कर लेंगे, फिलहाल वे आराम कर लें। सलमान नहीं माने।
चिन्नी प्रकाश ने सुझाव दिया कि स्टेप्स बदल देते हैं ताकि उन्हें दर्द कम हो। लेकिन सलमान अड़ गए कि चाहें कितना भी दर्द हो, वे शूटिंग करेंगे और वही स्टेप्स करेंगे। इतने मामूली दर्द से क्या खान डरता है? उन्होंने दर्द होने के बावजूद शूटिंग पूरी की।
सुभाष घई अब इन दिनों सलमान की तारीफ करते हुए घूम रहे हैं। आखिर उन्हें एक वजह और जो मिल गई है।
|