शाहरुख खान और आमिर खान बॉलीवुड के दो सुपरस्टार्स हैं। दोनों में नंबर वन कौन है, इसको लेकर मतभेद हैं। दोनों खानों के प्रशंसक अपने मनपसंद कलाकार को नंबर वन बताते हैं।
पिछले दिनों आमिर ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था कि वे नंबर एक हैं और शाहरुख नंबर दो। शाहरुख ने इस विवाद को ज्यादा तूल न देते हुए सिर्फ इतना कहा कि वे आमिर खान की इस बात का कोई जवाब नहीं देना चाहते हैं।
इस विवाद से ऐसा लगने लगा कि दोनों की आपस में प्रतिद्वंद्विता है। भले ही वे आमना-सामना होने पर गले मिलते हो, लेकिन उनके दिल नहीं मिलते। इसीलिए शायद दोनों ने अब तक एक भी फिल्म में साथ काम नहीं किया।
शाहरुख का कहना है कि वे आमिर के साथ काम करने के लिए तैयार हैं, लेकिन पहल किसी निर्देशक को करनी होगी। यदि वह अच्छी कहानी लेकर आता है, जिसमें दोनों कलाकारों की उचित भूमिका हो तो उन्हें आमिर के साथ काम करने में कोई आपत्ति नहीं है।
शाहरुख भले ही काम करने के लिए तैयार हो जाए, लेकिन आमिर को मनाना बेहद मुश्किल है। वे बहुत ज्यादा सोच-विचार करने के बाद कोई निर्णय लेते हैं। फिर ऐसी कहानी ढूँढना भी कठिन कार्य है जो दोनों नायकों को पसंद आए।
दोनों के प्रशंसक चाहते हैं कि आमिर और शाहरुख एक ही फिल्म में काम करें, परंतु क्या यह मुमकिन है।
|