पारिवारिक फिल्म बनाने में राजश्री प्रोडक्शन का कोई जवाब नहीं है। उनकी साफ-सुथरी फिल्में परिवार के साथ देखने लायक रहती हैं। कई लोग इस बैनर की फिल्म का इंतजार करते हैं।
इस बैनर द्वारा निर्मित ‘एक विवाह ऐसा भी’ की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है। एक महीने तक इसकी शूटिंग भोपाल में चली। मुंबई के फिल्मसिटी में भी 55 दिनों तक इस फिल्म की शूटिंग हुई। फिल्म के प्रमुख दृश्य और गानों को फिल्मा लिया है।
कला निर्देशक संजय धाबादे ने भारत के छोटे शहरों की तरह सेट बनाया। जिसमें पतली गलियाँ, मंदिर और मजार, खंबों पर लगे बैनर और बिजली के तारों का जाल को प्रमुखता के साथ दर्शाया गया। यह सेट भी फिल्म में एक चरित्र की तरह अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएगा।
राजश्री प्रोडक्शन्स ने हमेशा नए और युवा कलाकारों को अवसर दिया है। निर्देशन, संगीत, गीतकार, अभिनेता, लेखक के रूप में कई व्यक्ति बॉलीवुड को इस बैनर ने दिए हैं। स्व. ताराचंद बड़जात्या की इस परम्परा को सूरज आर. बड़जात्या जीवित रखे हुए हैं।
इस फिल्म के जरिए उन्होंने निर्देशक कौशिक घटक को मौका दिया है। कौशिक की भले यह पहली फिल्म हो, लेकिन उन्हें टीवी धारावाहिकों के निर्देशन का अच्छा-खासा अनुभव है। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘संजीवनी’ और ‘वो रहने वाली महलों की’ जैसे धारावाहिकों का वे कुशलतापूर्वक निर्देशन कर चुके हैं।
‘एक विवाह ऐसा भी’ राजश्री प्रोडक्शन की 52 वीं फिल्म है। इसकी कहानी में रिश्तों की मजबूती और सुंदरता को रेखांकित किया गया है। फिल्म में ईशा कोप्पिकर, सोनू सूद, आलोकनाथ, स्मिता जयकर, अनंग देसाई, जया भट्टाचार्य ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। फिल्म के निर्माता हैं कमल कुमार बड़जात्या, राजकुमार बड़जात्या, अजीत कुमार बड़जात्या। गीतकार और संगीतकार रवीन्द्र जैन हैं।
|