यशराज फिल्म्स के लिए कुणाल कोहली ने पूरी फिल्म बना डाली, लेकिन वे एक अदद नाम नहीं तलाश पाए। इस फिल्म में ‘हम तुम’ की हिट जोड़ी सैफ अली खान और रानी मुखर्जी नजर आएँगे।
कई दिनों की खोज के बाद आखिरकार नाम मिल ही गया। अब इस फिल्म को कुणाल कोहली की फिल्म की बजाय ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ नाम से पुकारा जाएगा।
अपनी फिल्म और नए नाम के बार में कुणाल का कहना है ‘हमारी जिंदगी उतार-चढ़ावों से भरी हुई है। खुशी है तो आँसू भी हैं। जब हमारा समय खराब चल रहा होता है तब हम सहायता चाहते हैं, थोड़ा प्यार चाहते हैं और थोड़े-से चमत्कार की उम्मीद करते हैं।
कुछ ऐसे जादू की चाहत उत्पन्न हो जाती है जो हमारे आँसूओं को पोंछ डाले। जो हमें खराब समय से लड़ने की शक्ति दे। ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ मेरे और आपके जैसे लोगों की कहानी है जो जिंदगी में चमत्कार की उम्मीद करते हैं। हम ये नहीं जानते कि चमत्कार करने वाले फरिश्ते हमारे बीच में ही मौजूद हैं। ‘थोड़ा प्यार थोड़ा मैजिक’ हमारी जरूरतों की कहानी है।‘
27 जून को प्रदर्शित होने वाली इस फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। ‘हम तुम’ और ‘फना’ जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले कुणाल कोहली की इस फिल्म से बड़ी आशाएँ हैं। फिल्म की कहानी सैफ, रानी, चार बच्चें और भगवान के इर्दगिर्द घूमती है। रोमांस, कॉमेडी, ड्रामा, कल्पना जैसे तत्व इसकी कहानी में मौजूद हैं।
|