शाहरुख खान जब-जब क्रिकेट मैच स्टेडियम में देखते हैं उनके द्वारा समर्थित टीम जीतती है। इसलिए उन्हें भाग्यशाली कहा जाता है।
आईपीएल लीग में उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो मैच खेले। एक बेंगलौर में और दूसरा कोलकाता में। दोनों मैचों में शाहरुख स्टेडियम में मौजूद थें और उनकी टीम को जीत मिली।
अब उनकी टीम का अगला मैच शनिवार को चेन्नई के एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग के खिलाफ है, लेकिन इस मैच को शाहरुख नहीं देख पाएँगे। शाहरुख इस दौरान लंदन और पेरिस की यात्रा पर होंगे।
शाहरुख की दिनचर्या बेहद व्यस्त है क्योंकि वे कई काम एक साथ करते हैं। रोजाना चार से पाँच घंटे सोने वाले शाहरुख सिर्फ कोलकाता और मुंबई में अपनी टीम को खेलता देख पाएँगे।
शाहरुख की टीम के सदस्य उनकी कमी को निश्चित रूप से महसूस करेंगे। शाहरुख अपने साथियों के साथ जोर-शोर से टीम का उत्साहवर्धन करते हैं। शाहरुख को विश्वास है कि उनकी अनुपस्थिति के बावजूद उनकी टीम विरोधियों पर विजय हासिल करेगी।
पेरिस के ग्रेविन वेक्स म्यूजि़यम में शाहरुख अपनी मूर्ति का अनावरण करने वाले हैं। इस संग्रहालय में महात्मा गाँधी के बाद शाहरुख खान ऐसे दूसरे भारतीय होंगे जिनकी मूर्ति वहाँ पर होगी।
|