एक बार फिल्मफेयर पुरस्कार नहीं मिलने से आमिर खान इतने नाराज हुए कि पुरस्कारों पर से उनका विश्वास उठ गया। उन्होंने लगभग सभी पुरस्कारों का बहिष्कार करना शुरू कर दिया। जहाँ लगभग सारे सितारें इन पुरस्कार समारोहों में परफॉर्म करते हुए या एक दर्शक के रूप में मौजूद रहते हैं, वहीं आमिर बमुश्किल नजर आते हैं।
आइफा अवॉर्ड फिल्म कलाकारों और दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। इस अवॉर्ड का मुख्य उद्देश्य है हिंदी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करना। इसलिए हर वर्ष इस पुरस्कार समारोह को अलग-अलग जगहों पर आयोजित किया जाता है।
पिछले दिनों इस पुरस्कार के लिए नॉमिनेशन की घोषणा की गई। नॉमिनेशन में से वर्ष 2007 की चर्चित फिल्म ‘तारे जमीं पर’ का नाम गायब है। जाहिर है कि आमिर इस पुरस्कार समारोह से दूर रहना चाहते हैं और इसलिए उन्होंने अपनी फिल्म का नाम इसमें से हटा लिया।
ताज्जुब की बात यह है कि पीवीआर पिक्चर्स इस फिल्म के सहनिर्माता है और वे आइफा के भी आयोजक हैं, शायद आमिर के विचारों का उन्होंने सम्मान किया।
कुछ लोगों का मानना है कि अमिताभ बच्चन आइफा अवॉर्ड से जुड़े हुए हैं, इसलिए आमिर ने दूर रहना उचित समझा। गौरतलब है कि कुछ माह पहले आमिर ने ‘ब्लैक’ फिल्म की आलोचना की थी, जिससे अमिताभ को बुरा लगा था। बाद में आमिर ने इस मामले को यह कहकर संभाल लिया था कि वे बिग-बी का एक कलाकार के रूप में बहुत सम्मान करते हैं, परंतु मामला पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
|