इंडियन प्रीमियर लीग में भाग ले रही हर टीम से फिल्मी कलाकार जुड़ा हुआ है। दिल्ली डेयरडेविल्स टीम के ब्रांड दूत अक्षय कुमार हैं, जिन्होंने फिरोजशाह कोटला मैदान पर हुए पिछले मैच में शानदार स्टंट दिखाए थे। दिल्ली टीम से जुड़े अक्षय कुमार मुंबई टीम का प्रचार करते हुए भी नजर आ सकते हैं।
दरअसल मुंबई इंडियन्स टीम ने यशराज फिल्म्स के साथ अनुबंध किया है, जिसके मुताबिक वे ‘टशन’ फिल्म का प्रचार करेंगे और ‘टशन’ फिल्म के कलाकार मुंबई इंडियन्स टीम का।
मुंबई में हुए पिछले मैच में ‘टशन’ के प्रमुख कलाकार सैफ अली खान, करीना कपूर और अनिल कपूर मैदान में अपनी टीम का उत्साह बढ़ाते हुए नजर आए थे। दिल्ली टीम की पीआर कंपनी का कहना है कि अक्षय दिल्ली से जुड़े हुए हैं, इसलिए मुंबई टीम का प्रचार वे नहीं करेंगे।
उधर मुंबई टीम की पीआर कंपनी का कहना है कि अक्षय जल्दी ही मुंबई इंडियन्स के लिए बनने वाले प्रोमो में नजर आएँगे, भले ही वे दिल्ली टीम के ब्रांड दूत हों। इन दो कंपनियों की लड़ाई में अक्षय तो फँस गए हैं।
मजा तो तब आएगा जब मुंबई और दिल्ली का मैच होगा। शायद एक पारी में अक्षय दिल्ली का और दूसरी पारी में मुंबई का उत्साहवर्धन करेंगे।
|