शीघ्र प्रदर्शित होने वाली फिल्म ‘भूतनाथ’ में दो सुपर सितारे अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान नजर आने वाले हैं।
इस फिल्म की शूटिंग के दौरान इस बात की खूब चर्चाएँ हुई थीं कि अमिताभ और शाहरुख के आपसी संबंध तनावपूर्ण होने की वजह से इस फिल्म को बनने में काफी देरी हुई।
निर्माता रवि चोपड़ा यह फिल्म जल्दी से बनाकर प्रदर्शित करना चाहते थे, लेकिन सुपरस्टार्स के बीच हुई अहम की लड़ाई ने इस फिल्म को काफी नुकसान पहुँचाया। जब इस बारे में रवि चोपड़ा से चर्चा हुई तो एक अनोखी बात पता चली।
इस फिल्म के निर्देशक विवेक शर्मा ने फिल्म की कहानी के बारे में रवि चोपड़ा को बताया तो उन्हें कहानी पसंद आई और उन्होंने अमिताभ को फिल्म में लेने का सुझाव दिया।
अमिताभ से जब बात की गई तो उन्हें विवेक की निर्देशकीय क्षमता पर यकीन नहीं था। रवि चोपड़ा से अमिताभ के संबंध बेहद पुराने हैं। संबंधों की खातिर अमिताभ फिल्म में काम करने के लिए तैयार तो हो गए, लेकिन उन्होंने रवि के आगे एक शर्त रखी।
शर्त के मुताबिक रवि को भी शूटिंग के दौरान सेट पर मौजूद रहना होगा। शर्त मान ली गई। फिल्म की शूटिंग आरंभ हो गई। विवेक की प्रतिभा से अमिताभ बेहद प्रभावित हुए और उन्होंने रवि को अपनी शर्त से मुक्त कर दिया।
जहाँ तक अमिताभ और शाहरुख के बीच संबंध खराब होने की बात है तो रवि का कहना है कि ये मनगढ़ंत बातें हैं। शाहरुख और अमिताभ ने साथ-साथ शूटिंग की और ब्रेक के दौरान उन्होंने कई खेल भी खेले। सेट पर माहौल हमेशा खुशनुमा रहा, ऐसे में तनाव का सवाल ही नहीं उठता।‘
|