अपनी ज्यादातर फिल्मों में कैटरीना कैफ बॉलीवुड के स्थापित नायकों के साथ नजर आईं।
कैटरीना को अपने से उम्र में ज्यादा बड़े नायकों की नायिका बनने का ही अवसर मिला। सलमान खान, गोविंदा, अक्षय कुमार उससे उम्र में कहीं बड़े हैं। अब कैटरीना अपने हमउम्र और नई पीढ़ी के नायकों के साथ काम करना चाहती हैं।
हाल ही में कैटरीना ने दो फिल्म साइन की है, जिनमें दोनों हीरो अपेक्षाकृत नए हैं। यशराज फिल्म्स की फिल्म में वे नील मुकेश के साथ नजर आएँगी। वहीं राजकुमार संतोषी अब प्रेम कहानी पर आधारित फिल्म बनाने जा रहे हैं। फिल्म का नाम है ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’। इस फिल्म में कैटरीना की जोड़ी रणबीर कपूर के साथ है।
कैटरीना का मानना है कि नए कलाकारों के साथ काम करने का मजा ही कुछ और है साथ ही दर्शकों को उनकी जोड़ी में ताजगी भी नजर आएगी। लगातार पाँच फिल्म देने के बाद कैटरीना बेहद लोकप्रिय हो गई हैं और बॉलीवुड के सारे नए-पुराने नायक कैटरीना के साथ काम करना चाहते हैं।
|