जहाँ कुछ निर्माता-निर्देशकों को अपनी फिल्म पूरी करने में बरसों लग जाते हैं, वहीं कुछ लोग इतनी जल्दी फिल्म पूरी कर लेते हैं कि आश्चर्य होता है।
के सेरा सेरा द्वारा निर्मित और करण चौधरी द्वारा निर्देशित ‘तारा सितारा’ फिल्म की 80 प्रतिशत शूटिंग मात्र दस दिन में पूरी हो गई। यह बात फिल्म में काम कर रहे अभिनेता अंजन श्रीवास्तव ने खुद बताई। अंजन के मुताबिक बची हुई फिल्म की शूटिंग अगले पाँच दिन में खत्म हो जाएगी।
16 अप्रैल को मुंबई के जोगेश्वरी स्थित कमलिस्तान स्टुडियो में कुछ रोमांटिक और हास्य दृश्य फिल्माए गए। फिल्म के नायक अर्जुन पुंज राम, रिया सेन सीता, अंजन श्रीवास्तव बजरंगी और राजेन्द्र गुप्ता नवरंगी बने हुए थे।
निर्देशक करण चौधरी ने कहानी पर थोड़ी-सी रोशनी डालते हुए कहा कि यह दो थिएटर पार्टी के बीच की दुश्मनी पर आधारित है। यह पूरी तरह से हास्य फिल्म है। इस फिल्म की प्रेरणा मैंने अपने पिता (जो ख्यात लोक गायक हैं) और उनके दुश्मन थिएटर ग्रुप से ली है।‘
करण चौधरी बेहद साधारण तरीके से रहना पसंद करते हैं और अपने काम के जरिए बोलना पसंद करते हैं। फिल्म में संजय मिश्रा, हेमंत पांडे, व्रजेश हीरजी, शक्ति कपूर, मनोज जोशी, टीनू आनंद और कुछ एनएसडी के अभिनेता भी नजर आएँगे।
|