मल्लिका शेरावत को स्टूडियो 18 ने अपनी आगामी फिल्म के लिए साइन किया था, जिसका निर्देशन कुंदन शाह करने वाले थे।
मल्लिका को इस फिल्म के लिए 95 लाख रुपए मिलने वाले थे, जिसमें से 25 प्रतिशत अग्रिम राशि के रूप में दिए गए थे।
फिल्म की शूटिंग शुरू होने के पूर्व मल्लिका ने अपने नखरे दिखाने आरंभ कर दिए। वे उन क्षेत्रों में भी दखलअंदाजी करने लगीं जो उनके कार्यक्षेत्र से बाहर थे।
मल्लिका ने निर्माता से कहा कि उन्हें कुंदन शाह निर्देशक के रूप में पसंद नहीं हैं, इसलिए निर्देशक बदला जाए। फिल्म के कैमरामैन को भी वे बदलना चाहती थीं। जब बात हद से ज्यादा बढ़ने लगी तो निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों का माथा ठनका।
उन्होंने सोचा कि जब फिल्म की शूटिंग आरंभ नहीं हुई है तो मल्लिका के नखरों का यह आलम है, फिल्म बनते समय न जाने क्या होगा। उन्होंने फिल्म को बंद कर दिया और मल्लिका से अग्रिम राशि वापस माँगी।
खबर है कि मल्लिका ने यह रकम लौटाने से इनकार कर दिया तो कंपनी ने इम्पा से इस मामले में हस्तक्षेप करने को कहा है। मल्लिका के नखरे से कई निर्माता परेशान हुए हैं। ऐसा न हो कि सब मिलकर मल्लिका का बॉयकॉट कर दें।
|