कोलकाता में होने वाले आयपीएल मैचों के लिए शाहरुख खान ने टिकट दर घोषित कर दी है। कोलकातावासियों का ध्यान रखते हुए उन्होंने 100 रुपए से लेकर साढ़े पाँच हजार रुपए तक का टिकट रखा है।
सिर्फ ऊँची टिकट दरों के कारण कोई क्रिकेट प्रेमी मैच देखने से वंचित न रह जाए इसलिए किंग खान ने टिकट दर सस्ती भी रखी है। हर हजारवाँ टिकट शाहरुख अपने हाथों से देंगे।
शाहरुख को पूरी उम्मीद है कि कोलकातावासी अपनी टीम का समर्थन करने के लिए स्टेडियम में हमेशा की तरह उमड़ पड़ेंगे। ईडन गार्डन स्टेडियम दुनिया के श्रेष्ठ और बड़े स्टेडियमों में से एक है। इस मैदान का इतिहास काफी पुराना है और यहाँ पर कई ऐतिहासिक मैच खेले गए हैं।
कोलकाता में खेले जाने वाले प्रत्येक मैच के लिए शाहरुख बॉलीवुड से एक सैलिब्रिटी गेस्ट बुलाने पर भी विचार कर रहे हैं। टीम के खिलाडि़यों जैसी एक टी-शर्ट शाहरुख ने अपने लिए भी बनवाई है।
12 नंबर की इस टी-शर्ट पर खान लिखा हुआ है। अगर शाहरुख को इजाजत मिली तो वे मैच के बीच मैदान पर भी दिखाई देंगे। किंग खान पर इस समय एक ही जूनून छाया हुआ है कि किसी भी तरह अपनी टीम को विजेता बनाना है।
|