’रोबोट’ फिल्म बनना शुरू भी नहीं हुई है, लेकिन यह फिल्म शुरू से ही मुसीबतों में है। इस फिल्म के निर्देशक शंकर पहले इसे बॉलीवुड के स्टार शाहरुख खान के साथ बनाने वाले थे। शाहरुख ने इस फिल्म को तारीखें भी दे दी थीं। सब कुछ तय हो गया था। अचानक शाहरुख और शंकर में फिल्म को लेकर वैचारिक मतभेद हो गए और दोनों ने अलग हो जाना ही उचित समझा।
शंकर ने बाद में इस फिल्म में काम करने के लिए रजनीकांत को राजी कर लिया। नायिका को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐश्वर्या और दीपिका पादुकोण में से वे किसे लें और किसे नहीं, इसको लेकर वे निर्णय नहीं ले पा रहे थे। अंत में ऐश्वर्या को उन्होंने चुन लिया।
बाद में यह खबर आई कि ऐश्वर्या माँ बनना चाहती हैं और इस फिल्म से अलग होना चाहती हैं, लेकिन ऐश ने इसका खंडन किया। एक बार फिर खबर आई है कि ऐश इस फिल्म से अलग हो गई हैं। फिल्म को बनने में लगने वाला समय इसकी वजह बताया जा रहा है।
शंकर ने अभी तक इसकी शूटिंग शुरू नहीं कि है और वे ऐश से दो वर्ष का समय माँग रहे हैं। ऐश इतना समय देने के पक्ष में नहीं हैं और संभवत: उन्होंने फिल्म से अलग होने का मन बना लिया है।
|