इस समय शाहरुख खान इंडियन प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने वाली अपनी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वीडियो बनाने में व्यस्त हैं। वे चार और गाने तैयार करने वाले हैं।
इस समय एक गीत दिखाया जा रहा है, जिसका संगीत विशाल-शेखर ने बनाया है। दो गाने बप्पी लाहिरी और दो प्रीतम बनाएँगे। बप्पी दा द्वारा संगीतबद्ध एक गीत में शाहरुख अपनी आवाज देंगे।
जब बप्पी दा ने शाहरुख को गीत गाने को कहा, तो शाहरुख ने मना कर दिया। बप्पी दा ने भी ठान लिया कि वे शाहरुख को मनाकर ही रहेंगे और आखिर में बप्पी दा की जिद के आगे किंग खान को झुकना पड़ा। इस गीत की रिकॉर्डिंग अगले तीन-चार दिन में होगी।
आईपीएल के उद्घाटन में कैटरीना परफॉर्म करेंगी! विजय माल्या की टीम बैंगलोर रॉयल चैलेंजर्स के म्यूजिक वीडियो में कैटरीना कैफ टीम के खिलाडि़यों के साथ नजर आएँगी।
खबर है कि माल्या ने कैटरीना को इस प्रतिस्पर्धा के उद्घाटन समारोह में परफॉर्म करने के लिए भी राजी कर लिया है।
कैटरीना इस समय बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय नायिका हैं और पिछले एक वर्ष में उनके प्रशंसकों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है।
|