संजय छैल द्वारा निर्देशित फिल्म ’मान गए मुगल-ए-आजम’ में मल्लिका शेरावत, राहुल बोस, परेश रावल और केके मेनन मुख्य भूमिकाएँ निभा रहे हैं। ये सारे कलाकार मल्लिका के अभिनय के अलावा उनके व्यवहार से भी बेहद प्रभावित हैं।
मल्लिका खुद तो हरदम चहकती रहती हैं, साथ ही वे सभी को हँसाने की कोशिश भी करती हैं। सेट पर जब भी सुस्त या तनाव भरा माहौल होता है, मल्लिका फौरन चुटकुला सुनाकर सबको हँसा देती हैं।
राहुल बोस के साथ मल्लिका की यह दूसरी फिल्म है, इसके पूर्व दोनों ‘प्यार के साइड इफेक्ट्स’ में नजर आए थे। राहुल को अक्सर छेड़ते हुए मल्लिका कहती हैं कि उसकी लोकप्रियता में वृद्धि मल्लिका के साथ काम करने पर ही हुई है और राहुल इस बात को सिर झुका कर स्वीकारते हैं।
निर्देशक संजय छैल के मुताबिक मल्लिका ने फिल्म में शानदार अभिनय किया है। हाल ही में मल्लिका और राहुल बोस पर वहीं गीत फिल्माया गया जो ‘मुगल-ए-आजम’ में दिलीप कुमार और मधुबाला पर फिल्माया गया था। गीत के बोल हैं ‘प्यार किया तो डरना क्या’ और यह गीत संजय को बेहद पसंद है।
‘शौर्य’ फिल्म में अपने अभिनय के लिए सराहे जा रहे राहुल बोस भी ‘मान गए मुगल-ए-आजम’ से बेहद खुश हैं। उनके अनुसार यह उनकी पहली व्यावसायिक फिल्म कही जा सकती है, जिसमें उन्होंने फाइटिंग भी की है।
|