रजनीकांत की फिल्म ‘रोबोट’ में अभिनय करने के बदले में ऐश्वर्या राय को चार करोड़ रुपए मिलने की खबर पिछले दिनों आई थी। कहा गया था कि इतनी रकम बॉलीवुड की किसी भी नायिका को आज तक नहीं मिली है, लेकिन ऐश्वर्या का यह कीर्तिमान जल्दी ही टूटने वाला है।
खबर है कि शिल्पा शेट्टी को एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म में काम करने के एवज में सवा पाँच करोड़ रुपए का प्रस्ताव मिला है। यह फिल्म एक एनआरआई निर्माता द्वारा बनाई जाएगी और 2008 के मध्य में इसकी शूटिंग शुरू होगी।
इस मामले में शिल्पा कूटनीतिज्ञ की तरह जवाब देती हैं। उनका कहना है कि मुझे योग्यता के अनुरूप धन मिल रहा है। शिल्पा के प्रचारक डेल भगवागर भी इस मामले में ज्यादा बोलने के लिए तैयार नहीं हैं।
उनके मुताबिक समय आने पर सब पता चल जाएगा और फिलहाल मैं यह नहीं बता सकता कि शिल्पा को फिल्म में काम करने के बदले कितना पारिश्रमिक दिया जा रहा है। साथ ही वे यह जोड़ना भी नहीं भूलते कि इसमें आश्चर्य जैसी क्या बात है?
उनके मुताबिक शिल्पा ने एक अभिनेत्री से अंतरराष्ट्रीय हस्ती बनने का सफर तय किया है और उन्हें दुनियाभर के फिल्मकारों की फिल्मों के प्रस्ताव मिल रहे हैं। उन्हें भारी रकम की भी पेशकश की जा रही है और उनमें से कुछ फिल्मकार बॉलीवुड के भी हैं, परंतु शिल्पा ठोस भूमिकाएँ ही करना चाहती हैं।
|