खबर है कि ‘वेलकम’ के निर्माता फीरोज नाडियाडवाला ‘वेलकम’ फिल्म का सीक्वल ‘वेलकम बैक’ बनाने की योजना बना रहे हैं। इस फिल्म में वे सारे कलाकार नजर आएँगे जो ‘वेलकम’ में नजर आए थे।
पिछले वर्ष दिसम्बर माह में प्रदर्शित फिल्म ‘वेलकम’ की सफलता का सफर अभी भी जारी है। फिल्म को भारत के साथ विदेश में भी अच्छी सफलता मिली और इस हास्य फिल्म को दर्शकों ने सराहा।
शायद निर्माता के मन में यह विश्वास है कि यदि इस फिल्म का सीक्वल बनाया जाए तो सफलता मिल सकती है, क्योंकि ‘वेलकम’ के पात्रों को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
खबर तो ‘रेस’ के सीक्वल बनाए जाने की भी है। ‘रेस’ को ऐसे मोड़ पर खत्म किया है कि कहानी को आगे बढ़ाया जा सके। अक्षय खन्ना और कैटरीना कैफ जिस कार में बैठे थे सिर्फ उसे जलता हुआ दिखाया, लेकिन अक्षय-कैटरीना कहीं नहीं दिखाई दिए।
अब्बास-मस्तान ने स्वीकारा है कि यदि पटकथा उम्मीदों के मुताबिक बनी तो वे ‘रेस 2’ बना सकते हैं।
|