जहाँ शाहरुख खान एक साथ अनेक काम करते रहते हैं वहीं आमिर खान एक समय में एक काम करना पसंद करते हैं। इन दिनों फिल्म अभिनेता अपनी-अपनी क्रिकेट टीम बना रहे हैं। शाहरुख, प्रीति और मिथुन ने अपनी-अपनी टीम बना ली है तो भला आमिर पीछे कैसे रह गए?
आमिर खान को भी क्रिकेट खेलने और देखने का शौक है। शूटिंग के दौरान अक्सर वे अपनी यूनिट के सदस्यों के साथ क्रिकेट खेलते रहते हैं। जब आमिर से पूछा गया कि क्या वे भी अपनी टीम बनाना पसंद करेंगे? इस पर आमिर ने जवाब दिया कि उन्हें क्रिकेट बेहद पसंद है, लेकिन वे एक साथ ढेर सारे काम नहीं कर सकते हैं। वे एक समय में एक काम करना पसंद करते हैं और फिलहाल वे अभिनय में व्यस्त हैं।
शायद आमिर जब टीम बनाएँगे तो ‘लगान’ के भुवन की तरह वे अपनी टीम को प्रशिक्षण भी देंगे।
|