इन दिनों लगातार चर्चा में रहने वाले राज ठाकरे ने दो दिन पहले रामगोपाल वर्मा से न केवल मुलाकात की बल्कि रामू की फिल्म ‘सरकार राज’ का थोड़ा-सा हिस्सा भी देखा।
रामगोपाल वर्मा के एक नजदीकी व्यक्ति के मुताबिक राज और रामगोपाल अच्छे दोस्त हैं। जब रामू ने ‘सरकार’ बनाई थी तब राज ने ही रामू और शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे के बीच सूत्रधार की भूमिका निभाई थी। कहा जाता है कि ‘सरकार’ बाल ठाकरे के जीवन पर आधारित है।
राज ठाकरे को फिल्म देखने का शौक है। रामू से मिलने पहुँचे राज ने काफी देर तक उनसे बातचीत की। अचानक रामू ने राज से पूछा कि क्या वे ‘सरकार राज’ देखना पसंद करेंगे, तो राज फौरन तैयार हो गए।
रामू ने राज को लगभग तीस मिनट की फिल्म दिखाई जो राज को बेहद पसंद आई। राज को फिल्म का एक पात्र अपने जैसा लगा। ‘सरकार राज’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है। इस फिल्म में अमिताभ, अभिषेक और ऐश्वर्या ने मुख्य भूमिका निभाई है।
|