इस वर्ष जुलाई में बच्चन परिवार अमेरिका और ब्रिटेन में स्टेज शो देने जा रहा है। उनके ग्रुप में रितेश देशमुख, बिपाशा बसु और अक्षय कुमार भी शामिल रहेंगे। सबसे ज्यादा आश्चर्य शाहिद कपूर और सैफ अली खान के शामिल होने पर किया जा रहा है। सैफ और शाहिद के बीच की समान कड़ी करीना कपूर हैं। सैफ करीना के वर्तमान बॉयफ्रेंड हैं तो शाहिद एक्स-बॉयफ्रेंड। बताया जा रहा है कि शाहिद और सैफ को इस ग्रुप में साथ शामिल होने पर किसी भी तरह की आपत्ति नहीं है।
हो सकता है कि दोनों बेहद अच्छे इंसान हों और उनके दिल में बैर की किसी भी तरह की भावनाएँ नहीं हों। सूत्रों के मुताबिक इस टूर में शामिल होने के लिए सभी कलाकारों को अकल्पनीय पैसा दिया जा रहा है। शायद पैसों की खनक ने उनके दिल की आवाज को दबा दिया हो। बच्चन परिवार के इस टूर में माधुरी दीक्षित भी शामिल होंगी क्योंकि वे अमेरिका में ही रहती हैं।
लारा दत्ता ने घुटनों की समस्या के चलते इस शो से अपने आपको अलग कर लिया है। अक्षय कुमार भी इस टूर में रहेंगे, जिनके ससुर राजेश खन्ना को बहुत पहले अमिताभ बच्चन ने नंबर वन के सिंहासन से हटा दिया था। अमिताभ और अभिषेक के परिवार में ऐश्वर्या के शामिल होने से इस परिवार की मार्केट वैल्यू बेहद बढ़ गई है।
|