सूचना और प्रसारण मंत्रालय निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के सहयोग से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम पर एक फिल्म बनाने जा रहा है। इस फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे यह लड़ाई लड़ी गई थी और यह कितनी महत्वपूर्ण थी। इस लड़ाई का भारतीय इतिहास में खासा महत्व है। इस फिल्म का निर्देशन विनय शुक्ला करेंगे, जिन्होंने ‘गॉडमदर’ नामक फिल्म बनाई है।
यह आश्चर्य का विषय है कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने फिरोज नाडियाडवाला को सह निर्माता बनाया है। इस फिल्म का बजट कम है और पीरियड फिल्म बनाने में बहुत धन खर्च होता है। फिरोज व्यावसायिक निर्माता हैं और उनके बॉलीवुड के सितारों से बेहद अच्छे संबंध हैं। शायद फिरोज कम दामों में कुछ कलाकारों को राजी कर लें।
इस फिल्म में तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई और नाना साहेब पेशवा के इस लड़ाई में योगदान को रेखांकित किया जाएगा। कहा जा रहा है कि तात्या टोपे की भूमिका में अक्षय कुमार दिखाई दे सकते हैं। हालाँकि इस बारे में अक्षय से बात नहीं की गई है।
अक्षय इस भूमिका को निभाने को राजी होते हैं या नहीं, ये भी बहुत बड़ा प्रश्न है। अक्षय ने हमेशा अपनी इमेज के अनुरूप फिल्में की हैं और इस तरह की फिल्मों के प्रति उन्होंने कभी कोई रुचि नहीं दिखाई।
रानी लक्ष्मीबाई को भी इस फिल्म में महत्व दिया जाएगा। गौरतलब है कि सुष्मिता सेन भी रानी लक्ष्मीबाई पर अपनी फिल्म शुरू करने जा रही हैं। वे रानी लक्ष्मीबाई का पात्र निभाने के साथ-साथ निर्देशन का जिम्मा भी संभालेंगी। उन्होंने इस दिशा में काफी शोध किया है। लक्ष्मीबाई पर ऐश्वर्या राय को लेकर केतन मेहता भी फिल्म बनाने वाले थे, लेकिन वो फिल्म घोषणा से आगे नहीं बढ़ पाई।
|