‘हॉर्न ओ.के. प्लीज़’ के सेट पर हुए हंगामे को राजनीतिक रंग देने की भी कोशिश की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र नवनिर्माण सेन के कुछ कार्यकर्ता सेट पर पहुँच गए थे और उन्होंने तनुश्री को भला-बुरा कहा। वे इस मामले में नाना का नाम लिए जाने से नाराज हैं और उनके प्रति अपना समर्थन व्यक्त कर रहे हैं।
तनुश्री ने भी हार नहीं मानते हुए लड़ने का निर्णय लिया है। उन्होंने सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट एसोसिएशन में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। तनुश्री ने अपनी संपत्ति और प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने के बदले में हर्जाने की माँग की है।
इस एसोसिएशन का कामकाज फिल्म अभिनेता रजा मुराद देखते हैं। रजा के मुताबिक उन्हें तनुश्री की शिकायत मिल चुकी है और वे इस मामले में जल्दी ही नोटिस जारी करने वाले हैं।
गौरतलब है कि 26 मार्च को इस फिल्म की शूटिंग के दौरान तनुश्री पर एक आयटम सांग फिल्माया जा रहा था। कुछ स्टेप्स को अश्लील मानते हुए तनुश्री ने उन्हें करने से इनकार कर दिया था और इस वजह से मामला बिगड़ गया था। उस समय नाना पाटेकर भी मौजूद थे। नाना ने भी कुछ टिप्पणी की जो तनुश्री को बुरी लगी। जब तनुश्री ने शूटिंग करने से इनकार कर दिया तो निर्माता ने फिल्म से तनुश्री को बाहर निकालकर राखी सावंत को लेने की घोषणा की।
राखी सावंत को भी नोटिस जारी किया जाएगा। उनसे यह पूछा जाएगा कि उन्होंने तनुश्री से एनओसी लिए बगैर फिल्म में काम करना कैसे स्वीकार किया। एसोसिएशन के नियम के मुताबिक किसी भी कलाकार को दूसरे कलाकार की जगह तभी लिया जा सकता है जब पहला कलाकार उसे एनओसी दे या फिर वह निर्माता को बताए बगैर फिल्म में काम करने से इनकार कर दे। तनुश्री ने स्टेप्स बदलने की माँग की थी, लेकिन फिल्म छोड़ने के बारे में उन्होंने कभी नहीं कहा।
इस मामले को लेकर दूसरी बातें भी सामने आ रही हैं। कहा जा रहा है कि सेट पर मौजूद नाना पाटेकर तनुश्री को बार-बार छू रहे थे और यह बात तनुश्री को पसंद नहीं आई, इसलिए अगले दिन वे सेट पर अपने पिता के साथ आई थीं। उन्होंने यह बात निर्माता और निर्देशक को भी बताई थी, लेकिन वे नाना को कुछ कहने का साहस नहीं जुटा सके।
नाना पाटेकर ने इन खबरों का खंडन किया है। उनके मुताबिक उनके 35 वर्ष के करियर में कभी भी किसी नायिका ने उनके बारे में ऐसी बात नहीं कही और उन्हें घिनौने और झूठे आरोप से बेहद तकलीफ हुई। नाना के मुताबिक तनुश्री को इस तरह के आरोप लगाने के पहले सोचना चाहिए था।
|