सलमान खान के भाई अरबाज और सोहेल को फिल्मों में वैसी सफलता नहीं मिली, जैसी कि सलमान को मिली है। अरबाज ने यूँ तो कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन वे कभी भी इतने बड़े नायक नहीं बन पाए कि उन्हें लेकर फिल्म बनाई जाए।
अधिकांश फिल्मों में उन्होंने दोयम दर्जे की भूमिकाएँ ही निभाई हैं। अरबाज को इसको लेकर कभी भी कोई शिकायत भी नहीं रही है और वे अपनी सीमा से भलीभाँति परिचित हैं।
तीनों भाइयों में आपस में बहुत प्रेम है और वे दु:ख-सुख में हमेशा साथ रहते हैं। एक भाई होने के नाते सलमान हमेशा अरबाज और सोहेल के बारे में सोचते रहते हैं। खबर है कि सलमान चाहते हैं कि अरबाज एक बार फिर नए सिरे से फिल्मों में बतौर नायक अपना करियर शुरू करें।
इस मामले में वे निर्माता बोनी कपूर की मदद ले रहे हैं। बोनी की एक फिल्म में इन दिनों सलमान काम कर रहे हैं। उन्होंने बोनी को कहा है कि वे अरबाज को अकेले हीरो के रूप में लेकर एक फिल्म बनाएँ।
सलमान इस बात से अनभिज्ञ नहीं हैं कि अरबाज को लेकर फिल्म बनाना बहुत जोखिमभरा है, इसलिए वे बोनी की फिल्म के लिए अपना पारिश्रमिक कम करने को भी तैयार हैं।
वे इस फिल्म में सहनिर्माता बनने के लिए भी राजी हैं। बोनी ने उनका यह प्रस्ताव मान लिया है और वे इन दिनों उचित पटकथा की तलाश में हैं। पटकथा चुनने के बाद निर्देशक और अन्य कलाकारों का चयन किया जाएगा।
|