रणवीर शौरी को एक गंभीर इनसान और अभिनेता समझा जाता है। कुछ ऐसे ही खयालात सोनाली कुलकर्णी के भी थे, लेकिन रणवीर के साथ ‘सिर्फ : लाइफ लुक्स ग्रीनर ऑन दि अदर साइड’ नामक फिल्म में काम करने के बाद सोनाली के विचार बदल गए।
सोनाली के मुताबिक फिल्म में रणवीर का चरित्र बेहद गंभीर इनसान का है, लेकिन शूटिंग के दौरान वे सदा मौज-मस्ती के मूड में रहते थे। यूनिट के सभी लोगों के साथ वे हँसी-मजाक किया करते थे।
कभी-कभी वे बच्चे बन जाते थे। एक दिन तो उन्हें कुत्ते की तरह भौंकने का शौक चर्राया। वे खूब शोर मचाने लगे। मुझे लगा कि वे चुप हो जाएँगे, परंतु ऐसा हुआ नहीं। आखिरकार मैं उन पर चिल्ला पड़ी, लेकिन बजाय गुस्सा करने के वे हँस पड़े।
‘सिर्फ’ फिल्म की कहानी चार कपल्स के इर्दगिर्द घूमती है। इसमें केके मेनन, मनीषा कोइराला, सोनाली कुलकर्णी, रणवीर शौरी, प्रवीण डबास, रितुपर्णो सेनगुप्ता, अंकुर खन्ना और नौहीद ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई हैं। इस फिल्म का निर्माण सेवन ईगल प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है।
|