निर्माता-निर्देशक सुभाष घई की बहुप्रतीक्षित और बड़े बजट की फिल्म ‘युवराज’ की हाल ही में पनवेल में 10 दिन तक शूटिंग की गई। इस शूटिंग के साथ ही फिल्म 75 प्रतिशत पूरी हो गई है।
पनवेल में भव्य सेट लगाया गया था, जिसमें सलमान खान, अनिल कपूर, कैटरीना कैफ और ज़ायद खान ने शूटिंग में हिस्सा लिया। फिल्म को अक्टूबर 2008 में प्रदर्शित करने की योजना है। फिल्म का अगला शेड्यूल 18 अप्रैल से शुरू होगा और जुलाई तक फिल्म की शूटिंग पूरी हो जाएगी।
सुभाष घई का कहना है ‘पनवेल में इतने बड़े सितारों के साथ शूटिंग करना एक आनंददायक अनुभव था। सलमान ने हमें उनके पनवेल स्थित फार्म हाउस पर आमंत्रित कर एक मेजबान की भूमिका शानदार तरीके से निभाई।
सभी कलाकारों ने ‘युवराज’ के लिए अपना श्रेष्ठ अभिनय किया है। यह म्यूजिकल ड्रामा मु्ख्यधारा की फिल्म है, जिसमें गुलजार द्वारा लिखे गए गीतों पर एआर रहमान ने संगीत दिया है।‘
फिल्म में अनिल कपूर, सलमान खान, कैटरीना कैफ, ज़ायद खान और बोमन ईरानी ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। फिल्म की शूटिंग यूरोप के कई देशों के अलावा मुंबई में भी की गई है।
इस फिल्म को सुभाष घई ने खुद लिखा है, जबकि पटकथा में उन्हें सचिन भौमिक (कृष) और कमलेश पांडे (रंग दे बसंती) ने सहयोग दिया है। कबीर लाल इस फिल्म के सिनेमाटोग्राफर है।
|