आयटम गीतों के कारण ‘क्रेजी 4’ फिल्म इस समय चर्चा में है। इसमें राखी सावंत और शाहरुख खान के अलावा रितिक रोशन पर भी आयटम सांग फिल्माया गया है। ये आयटम सांग दर्शकों को आकर्षित करने में बेहद मददगार साबित हो सकते हैं।
दो सुपरस्टार्स पर एक ही फिल्म में आयटम सांग फिल्माया जाना अनोखी बात है और राकेश रोशन जैसा निर्माता ही यह काम कर सकता है।
शाहरुख पर फिल्माया गया ‘ब्रेक फ्री’ इस समय बेहद लोकप्रिय हो रहा है। खास बात यह है कि रितिक भी इसी गीत पर अपना नृत्य प्रस्तुत करेंगे। यानी कि दोनों गानों की धुन समान है, सिर्फ शब्दों में थोड़ा-बहुत हेरफेर है।
एक तरह से ये दोनों सुपरस्टार्स में मुकाबला है कि किसने बेहतरीन नृत्य किया है। रितिक वाले गाने के प्रोमो शीघ्र ही दिखाए जाने वाले हैं।
निर्देशक जयदीप सेन का कहना है ‘शाहरुख को निर्देशित करना एक आनंददायक अनुभव था। उन पर फिल्माया गया गीत तेजी से लोगों की जुबाँ पर चढ़ रहा है। रितिक पर फिल्माए गए गीत की धुन वही है, सिर्फ शब्दों में थोड़ा बदलाव किया गया है।
मैं बहुत भाग्यशाली हूँ कि अपनी पहली ही फिल्म में मुझे दो सुपरस्टार्स के साथ काम करने का अवसर मिला। दोनों ने मेरी फिल्म के शीर्षक गीत पर नृत्य किया है। राखी सावंत आयटम सांग्स के लिए प्रसिद्ध रही हैं, इसलिए उनका गीत आम जनता को ध्यान में रखकर फिल्माया गया है। उनके साथ काम करना भी एक अच्छा अनुभव था।‘
हास्य फिल्म ‘क्रेजी 4’ 11 अप्रैल को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म में अरशद वारसी, इरफान खान, जूही चावला, सुरेश मेनन और राजपाल यादव ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं।
'क्रेजी 4' की कहानी के लिए क्लिक करें
|