तनुश्री दत्ता विभिन्न कारणों से हमेशा विवादों में रही हैं। ताजा मामला उनकी फिल्म ‘हॉर्न ओ.के. प्लीज़’ को लेकर है। 26 मार्च की शाम को मुंबई के फिल्मिस्तान स्टूडियो में इस फिल्म की शूटिंग की जा रही थी, जिसमें तनुश्री दत्ता पर एक आयटम सांग फिल्माया जा रहा था।
तनुश्री इस गाने में नाना पाटेकर के साथ भाग ले रही थीं। सूत्रों के मुताबिक जब कोरियोग्राफर गणेश हेगड़े ने तनुश्री को कुछ स्टेप्स बताए तो वे तनुश्री को अच्छे नहीं लगे। तनुश्री के मुताबिक वे स्टेप्स अश्लील थे। तनुश्री ने शूटिंग करने से इनकार कर दिया और अपने केबिन में जा बैठीं।
बात जब बिगड़ी तो तनुश्री से कुछ पत्रकारों ने बात करना चाही। तनुश्री के पिता अचानक बीच में आए और मामला बिगड़ गया। पत्रकारों के कैमरों को नुकसान पहुँचाया गया। पत्रकारों ने तनुश्री की कार को घेर लिया और उनसे माफी माँगने को कहा।
वहीं इस घटना को लेकर दूसरी बात भी सामने आई है। एक स्टेप्स के फिल्मांकन के बाद जब तनुश्री 500 जूनियर कलाकारों के साथ अपनी वैन में लौट रही थीं, तब किसी ने तनुश्री पर भद्दी टिप्पणी कर दी। उस समय तनुश्री कम कपड़ों में थीं। इससे तनुश्री नाराज हो गईं और उन्होंने शूटिंग करने से इनकार कर दिया।
जब तनुश्री बार-बार बुलाने के बावजूद शूटिंग करने नहीं आईं तो निर्माता ने शूटिंग रद्द कर दी और तनुश्री को फिल्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया। अब तनुश्री की जगह राखी सावंत इस फिल्म में आयटम सांग करती हुई दिखाई देंगी।
गौरतलब है कि अभी कुछ दिनों पहले ‘सास बहू और सेंसेक्स’ की निर्देशक ने तनुश्री पर आरोप लगाया था कि वे ड्रग्स का सेवन करती हैं।
|