अपनी फिल्म ‘तारे जमीं पर’ को लेकर आमिर खान बेहद उत्साहित हैं और वे बॉलीवुड के अन्य कलाकारों को बुला-बुलाकर फिल्म दिखा रहे हैं।
जब आमिर को पता चला कि बिग बी ने उनके द्वारा निर्देशित फिल्म नहीं देखी हैं तो उन्होंने उन्हें फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया।
अमिताभ मुंबई के ही एक स्टूडियो में शूटिंग कर रहे थे। जब आमिर को यह मालूम हुआ तो वे सीधे वहाँ जा पहुँचे और अमिताभ के लिए एक विशेष शो आयोजित करने की बात कही।
अमिताभ ने आमिर को यह कहकर खुश कर दिया कि वे पूरे बच्चन परिवार के साथ आमिर की यह फिल्म देखना चाहेंगे और वे जल्दी ही इस बारे में आमिर को बताएँगे।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले आमिर ने ‘ब्लैक’ फिल्म की आलोचना कर अमिताभ को नाराज कर दिया था और बाद में सुलह करने की कोशिश भी की थी, लेकिन अमिताभ ने आमिर से मिलने में कोई रुचि नहीं दिखाई थी।
|